नरसिंहपुर। एमपी वासी एक तरफ भारी बारिश की वजह से परेशान हैं। वहीं दूसरी ओर शिक्षा मंत्री के गांव में इसकी निकासी न होना ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। दरअसल नरसिंहपुर के चर्चित चौराहा और मध्य प्रदेश सरकार के परिवहन व शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के गांव में रह रहे लोगों के लिए बरसात मुसीबत बन गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लोलरी गांव के राजमार्ग चौराहे पर कॉलोनी के नाम पर लोगों को कॉलोनाइजर ने सुविधा देने के बहाने प्लॉट बेच दिए लेकिन कोई सुविधाएं मुहैया नहीं कराई। जिससे रहवासी बेहद परेशान हैं। इतना ही नहीं, पानी निकासी न होना भी यहां रहने वाले लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है।
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कलेक्टर से लेकर आला अधिकारियों तक की, जनसुनवाई में भी कई बार आवेदन दिया। लेकिन उनके हाथ निराशा ही लगी। अब यहां की महिलाओं ने भगवान से दुआ की है कि बारिश में पानी तो गिरे, लेकिन हमारी कॉलोनी में न गिरे। पानी निकासी न होने के चलते यहां पर रहने वाले लोगों के घरों में पानी भर जाता है।
बारिश में ग्रामीणों के घरों में बने सेप्टिक टैंक का पानी भी अब बाहर निकलने लगा है। जिससे बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। परेशान होकर लोगों ने अब सीधे सरकार से गुहार लगाई है और कहा है, “हमारी भी सुनो, पानी निकासी की व्यवस्था करो और जिम्मेदारों पर कार्यवाही करो। जिससे सीधे-साधे लोगों को अवैध कॉलोनाइजर अपने झांसे में न ले सकें।