नीमच। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतों के उप निर्वाचन 2024 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन 21 अगस्त को सुबह 10.30 बजे होगा। जबकि नाम निर्देशन पत्र 28 अगस्त सुबह 10.30 बजे से दोपहर 03 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की जांच 29 अगस्त को सुबह 10.30 बजे से की जाएगी। नाम वापसी 31 अगस्त को दोपहर तीन बजे तक हो सकेगी। यदि निर्विरोध निर्वाचित नहीं होने की स्थिति में मतदान 11 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार नीमच जिले में पंच के 09 पदों और सरपंच के 01 रिक्त पद के लिए उप निर्वाचन होना है। ग्राम पंचायत जागोली में सरंपच पद का उप चुनाव होना है। जबकि नीमच जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत जमुनिया कलां के वार्ड नंबर-14, बोरखेडी के वार्ड नंबर-14, भरभडिया के वार्ड नंबर-एक, बरूखेडा के वार्ड नंबर-9 में पंच पद का उप-चुनाव होना है। इसी तरह मनासा जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत आंत्री बुजुर्ग के वार्ड नम्बर 17, भदाना के वार्ड नम्बर 5 व 11 और तलाऊ के वार्ड नंबर 3 और 16 में पंच पद का चुनाव होना है।