उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण भादों माह में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आ रहे है। वहीं शुक्रवार को नागपंचमी पर्व के अवसर पर करीब पांच लाख से अधिक दर्शनार्थी पहुंचे थे। महाकाल मंदिर द्वारा सामान्य श्रद्धालुओं के लिए करीब 12 लड्ड प्रसाद काउन्टर से दर्शनार्थियों को भगवान महाकाल का लड्डू उपलब्ध कराया था। इस बार नागपंचमी पर्व पर 8 व 9 अगस्त को करीब 94 क्विंटल लड्डू प्रसाद का विक्रय हुआ है। दो दिन में लड्डू प्रसाद बिक्री से मंदिर समिति को करीब 43 लाख 62 हजार से अधिक राशि की आय हुई है।वही 11 लाख 11 हजार 200 रुपए की आय ऑनलाइन शीघ्र दर्शन से हुई है।
श्री महाकालेश्वर मंदिर में वर्ष भर ही भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का आगमन होता है। पर्व, त्यौहार के अलावा श्रावण महिने का महत्व होने से देश-विदेश से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते है। इस बार 9 अगस्त को श्रावण महिने में नागपंचमी का पर्व होने से देश भर से श्रद्धालु एक दिन पहले 8 अगस्त को ही मंदिर दर्शन को पहुंच गए थे। महाकाल मंदिर समिति द्वारा दर्शनार्थियों के लिए भगवान महाकाल का शुद्ध घी से निर्मित बेसन के लड्डू प्रसाद उपलब्ध कराने के लिए 12 प्रसाद काउंटरों से प्रसाद विक्रय की व्यवस्था की थी। इन काउंटरों पर 1 किलो, 500 ग्राम, 200 ग्राम और 100 ग्राम के पैकेट उपलब्ध कराए गए थे। प्रसाद की कीमत 400 रूपए प्रति किलो है। श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति के सहायक प्रशासक व प्रसाद यूनिट के प्रभारी अधिकारी डॉ. पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि नागपंचमी का विशेष पर्व होने से 8 व 9 अगस्त को बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान महाकाल और नागचंद्रेश्वर के दर्शन को पहुंचे थे। इस दौरान दर्शनार्थियों ने प्रसाद भी खरीदा। दो दिनों में मंदिर के प्रसाद काउंटर से करीब 94 क्विंटल प्रसाद की बिक्री हुई। इससे मंदिर समिति को करीब 43 लाख 62 हजार 700 रूपए की आय हुई है। गौरतलब है कि पिछली बार नागपंचमी के दो दिनों में 112 क्विंटल प्रसाद विक्रय हुआ था, जिससे मंदिर समिति को 56 लाख से अधिक की आय हुई थी।
पर्व को देखते हुए पहले ही कर ली थी तैयारी
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा प्रसाद यूनिट में तैयार कराए जाने वाले बेसन के लड्डू प्रसाद को तैयार करने के लिए पहले से ही तैयारी कर ली थी। श्रावण मास में भीड़ को देखते हुए और फिर नागपंचमी का पर्व होने से मंदिर प्रशासन ने करीब डेढ़ सौ क् िवंटल लड्डू प्रसाद तैयार करा लिए थे। प्रसाद यूनिट से प्रसाद के पैकेट एक दिन पहले ही सप्लाय शाखा तक पहुंचा दिए थे। जिससे किसी भी काउंटर पर प्रसाद की कमी नही रहे। हालांकि इस बार भी कहीं से प्रसाद की कमी होने की सूचना नही मिली।