नरसिंहपुर। जिले के अतिथि शिक्षकों ने शनिवार को अपनी जॉइनिंग को लेकर डीईओ कार्यालय में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। अतिथि शिक्षकों ने बताया कि जीएफएमएस पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के कारण उन्हें पिछले सत्र में कार्यरत होने के बावजूद नई जॉइनिंग में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अतिथि शिक्षकों के संघ सदस्यों ने बताया कि स्कूल शिक्षा मंत्री के हालिया बयान और लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के निर्देशों के अनुसार 1 अगस्त 2024 से अतिथि शिक्षकों को स्कूलों में पुनः काम करने की उम्मीद थी। लेकिन परमानेंट शिक्षकों की उच्च पद प्रभार प्रक्रिया और स्थानांतरण की समस्याओं के कारण स्थिति जटिल हो गई है।
अतिथि शिक्षकों के संघ के प्रांत कार्यकर्ता एसके सोनी के नेतृत्व में डीईओ कार्यालय के बाहर रैली निकाली गई और इसके बाद ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पोर्टल पर लॉगिन करने में आ रही तकनीकी समस्याओं का जिक्र किया गया, जिसमें पिछले सत्र में सेवा में ना होना और कई पदों का ना दिखना शामिल हैं।
अतिथि शिक्षकों ने बताया कि उनका मानदेय अभी तक नहीं मिला है और वे नए सत्र में ज्वाइनिंग से वंचित हैं। संघ ने इन समस्याओं का त्वरित समाधान करने की मांग की। ज्ञापन सौंपते समय संघ के पदाधिकारी वृजेन्द्र नेमा, सचिन शर्मा, नीरज कौरव और अभिषेक पाराशर सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।