उज्जैन। आम आदमी गर्भगृह में जब प्रवेश नहीं कर सकता तो विधायक कालूहेड़ा कैसे पहुंचे? मंदिर प्रशासक बोले- अनुमति नहीं दी थी। महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग की दर्शन व्यवस्था में बदलाव करते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने 4 जुलाई 2023 से मंदिर गर्भगृह में प्रवेश बंद कर दिया था। तय हुआ था कि केवल पंडे, पुजारी ही प्रवेश करेंगे। इसके बाद आम श्रद्धालु गर्भगृह से दूर हो गए लेकिन वीआईपी अब तक इस नियम का पालन नहीं कर रहे हैं।
शनिवार को उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा गर्भगृह में पूजन, अर्चन करने के लिए पहुंच गए। जिसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। इससे आम श्रद्धालुओं में नाराजगी है। उनके साथ भाजपा के सराफा मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी भी गर्भगृह में पूजन करते दिखाई दिए। मामले में जब विधायक जैन से चर्चा की गई तो उनका कहना था कोई प्रतिबंध है क्या, मैं तो सोला पहनकर गया था। मंदिर प्रशासक मृणाल मीणा ने कहा महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने गर्भगृह में प्रवेश पर पाबंदी का नियम लागू किया है। शनिवार को मंदिर की ओर से किसी को अनुमति नहीं दी गई थी।
..तो आम श्रद्धालु 80 फीट दूर क्यों -त्रिवेदी
कांग्रेस पार्षद माया राजेश त्रिवेदी ने मंदिर प्रबंध समिति एवं शासन, प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने भाजपा व आरएसएस की सनातन धर्म संस्कृति की प्रमुख जगह पर अंधभक्त से मुक्त होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के विधायक, मंत्री, नेता गर्भगृह में प्रवेश कर रहे हैं। बाकी विपक्ष के विधायक, नेता व श्रद्धालु 80 फीट दूर से दर्शन करेंगे, यहां भी दलगत आधार पर भेदभाव किया जा रहा है।
जानिए... कब-कब टूटे गर्भगृह में प्रवेश के नियम
12 मार्च 2023 रू रंगपंचमी पर भाजपा नेता और तत्कालीन इंदौर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोलू शुक्ला का पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला भस्मआरती के दौरान गर्भगृह में पहुंच गया। इसका वीडियो, फोटो सामने आया। मंदिर समिति ने जांच रिपोर्ट बनाकर समिति अध्यक्ष को भेज दी थी।
5 अप्रैल 2023: भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ इंदौर के विधायक रमेश मेंदोला गर्भगृह में पूजन करने के बाद ध्यान लगाते दिखाई दिए, जबकि 3 से 10 अप्रैल 2023 तक शहर में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण थी। इस दौरान मंदिर प्रबंध समिति ने गर्भगृह में प्रवेश बंद कर दिया था।
1 दिसंबर 2023: शहर के दो एडिशनल एसपी जयंत राठौर और गुरुप्रसाद पाराशर ने सोला पहनकर गर्भगृह में प्रवेश किया व पूजा भी की। मामले में कलेक्टर का कहना था कि उन्हें अनुमति नहीं दी गई। सुरक्षाकर्मी, पुजारी और मंदिर के कर्मचारी बाहर खड़े सब देखते रहे। उसका वीडियो भी वायरल हुआ।
8 जुलाई 2024: भाजपा के प्रदेश संगठन प्रभारी महेंद्र सिंह और उनकी धर्मपत्नी ने गर्भगृह में महाकालेश्वर की पूजा-अर्चना की। उसका भी फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद जमकर बवाल मचा है। इस पर श्रद्धालु ही नहीं पंडे-पुजारी भी नाराज हुए थे।