गुना। क्रिकेट में कॉमेंट्री और दिव्यांगजनों के लिए आयोजित खेल स्पर्धाओं में प्रोत्साहन देने के बाद राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह अब चौसर खेलते नजर आए हैं। विधायक ने एक गांव की चौपाल में ग्रामीणों के साथ संवाद के दौरान इस प्राचीन खेल का आनंद लिया और लोगों के साथ जमकर ठहाके भी लगाए।
जानकारी के मुताबिक जयवर्धन सिंह शनिवार को भोपाल से राघौगढ़ आ रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सुनखेर गांव में चौसर खेल रहे ग्रामीणों पर लगी। विधायक ने अपना काफिला रुकवाया और चौपाल में पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से चौसर सीखने की इच्छा जाहिर की। इसपर खेल में माहिर कुछ लोगों ने विधायक के हाथ में पांसे थमा दिए और देखते ही देखते चौपाल कई अलग-अलग टीमों में विभाजित हो गई, जिसमें कुछ विधायक को सिखा रहे थे तो कुछ चौसर को रोमांचक बनाने के लिए उनके विपरीत बैठे हुए थे।
ग्रामीणों ने एक-एक चाल और खेल के तरीकों से जयवर्धन सिंह को बखूबी अवगत कराया। जयवर्धन ने अपने चिर-परिचित अंदाज में चौसर को काफी रोमांचक बताया। साथ ही ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास से जुड़ी चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं को भी सुना।