चीताखेड़ा। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्रीय विध्युत विभाग कंपनी लिमिटेड नीमच जिले में लगभग 700 कार्यरत आउटसोर्स श्रमिकों को मासिक वेतन नहीं मिला, जिसके कारण रक्षा बंधन का त्योहार नहीं मना पाएंगे। सभी आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतनमान के भुगतान को लेकर गत दिवस 8 अगस्त गुरुवार को कार्यपालन यंत्री को लिखित में ज्ञापन सौंपा गया। रक्षाबंधन पूर्व वेतन नहीं मिला तो जिला कलेक्टर को ज्ञापन देंगे।
उल्लेखनीय है कि आउटसोर्स श्रमिक प्रदाय एजेंसी मेसर्स आल सर्विसेस ग्लोबल प्रा.लिमी.मुम्बई के अधिनस्थ श्रमिक के रूप में कार्यरत हैं उनके अनुबंध अवधि के अनुसार कर्मचारियों को समय पर मासिक वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। नीमच, जावद और मनासा संभाग के सभी कर्मचारी अपनी पूर्ण निष्ठा एवं लगन से कंपनी का कार्य संपादित करते आ रहे हैं किंतु किए गए श्रम का समय पर भुगतान नहीं होने पर सभी कर्मचारी को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि विभाग द्वारा नियमानुसार प्रतिमाह कर्मचारियों को देरी से भुगतान करने पर पेनल्टी काटने के उपरांत भी एजेंसी द्वारा अपनी कार्य प्रणाली में कोई सुधार नहीं किया जाकर श्रम नियमों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है। अगर रक्षाबंधन त्योहार पूर्व वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो जिला कलेक्टर कार्यालय जाकर ज्ञापन प्रेषित करेंगे।