उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आने वाले भक्त भगवान को स्वर्ण व रजत आभूषण अर्पित करते है। रविवार को मुबंई के एक भक्त ने करीब दो किलो से अधिक वजन का चांदी का मुकुट भगवान महाकाल को अर्पित किया है। चांदी के मुकुट का आज की स्थिति में बाजार मूल्य करीब दो लाख रूपए बताई गई है।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के कोठार शाखा के प्रभारी मनीष पांचाल ने बताया कि श्रावण महिने में रविवार को मुम्बई के सायन से आए भगवान महाकाल के भक्त अनंत प्रदीप जोशी द्वारा मंदिर के पुजारी आकाश शर्मा की प्रेरणा से श्री महाकालेश्वर भगवान को 1 नग रजत मुकुट अर्पित किया है। चांदी के मुकुट का कुल वजन 2046.500 ग्राम है। आज की स्थिति में बाजार मूल्य करीब दो लाख रूपए है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबन्ध समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल द्वारा रजत मुकुट प्राप्त करने के बाद दानदाता को रसीद प्रदान कर भगवान का प्रसाद भेंटकर उनका सम्मान किया गया। गौरतलब है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर की सभी व्यवस्थाएं दान के माध्यम से ही संचालित होती है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित निरूशुल्क अन्नक्षेत्र, गौशाला, चिकित्सा आदि में देशभर से आने वाले भक्त स्वर्ण, रजत आभूषण व सामग्री, नगद राशि अपनी श्रद्धानुसार दान करते है।