नीमच। शहर की स्वर्णकार धर्मशाला में लोकतंत्र सेनानियों का विभाग सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें नीमच, मंदसौर, रतलाम जिले के लोकतंत्र सेनानियों और मीसाबंदियों ने भाग लिया। सम्मेलन को लेकर लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष तपन भौमिक ने कहा कि लोकतंत्र के सेनानियों और मीसाबंदियों ने आजादी की दूसरी लड़ाई लड़ी। तब पूरे देश को जेल में बदल दिया गया था। आपातकाल के दौरान बोलने लिखने और पेपर छापने की स्वतंत्रता छीन ली गई थी। लोकतंत्र सेनानियों ने ऐसे लोगों के चंगुल से देश को निकाल कर लोकतंत्र की पुनर्स्थापना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए लोकतंत्र की बात करना पाप है। मीसाबंदी लोकतंत्र के रक्षक है। लोकतंत्र सेनानी संघ के विभाग सम्मेलन में राष्ट्रीय संरक्षक और वरिष्ठ प्रचारक मेघराज जैन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष संतोष शर्मा, सुरेंद्र द्विवेदी, विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा के जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, डॉ विष्णु कछावा, दिलीप शर्मा श्याम शर्मा, लोकतंत्र सेनानी, वरिष्ठ समाजसेवी, जनसंघ व भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।