भोपाल। सिंधी मेला समिति यंत हिरदाराम नगर भोपाल की तीन दिवसीय कुकिंग प्रतियोगिता का शनिवार को आगाज हो गया। राजधानी के आठ सेंटरों पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 8 साल की बालिका से 80 साल तक की बुजुर्ग महिला ने हिस्सा लिया। बावड़िया कलां स्थित सेंटर पर महिलाओं ने 41 प्रकार के व्यंजन तैयार किए, जिनमें बीह पटाटा, साई भाजी, सेयल मानी, खोराक, सिंगर जी मिठाई आदि शामिल है।
महिलाओं ने इन व्यंजनों के माध्यम से सिंध की यादों को ताजा कर दिया। ऐसा ही नजारा कोटरा सुल्तानाबाद, प्रभुनगर ईदगाह, सिंधी कॉलोनी, संत कंवरराम कॉलोनी, स्वागत गार्डन में देखने को मिला। समाज के लोगों ने व्यंजनों का लुत्फ उठाया और संस्कृति से जुड़ाव का अहसास किया। समिति के पदाधिकारियों और समाज के नेताओं ने इन शिविरों में जाकर अवलोकन किया और व्यंजन चखे।
सिंधी मेला समिति के अध्यक्ष मनीष दरयानी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले प्रतिभागियों की सूची सितंबर में जारी की जाएगी। व्यंजन प्रतियोगिता में मुख्य रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल, मध्य भारत प्रांत संघचालक अशोक पांडे, प्रांत संपर्क प्रमुख सुनील जैन, समिति के महासचिव नरेश तलरेजा ने व्यंजन चखकर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।
इसके अलावा भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी, वार्ड चार के भाजपा पार्षद एवं नगर सरकार के मंत्री राजेश हिंगोरानी ने भी प्रतियोगिता का अवलोकन किया और प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।