उज्जैन। मक्सी रोड़ स्थित सब्जी मंडी परिसर में स्थित पुराने शिव मंदिर के शिखर को गिराने के लिए रविवार को नगर निगम की गैंग पहुंची थी। मंदिर के पुजारी ने जर्जर शिखर के खतरनाक होने से नगर निगम से तोडऩे का आवेदन दिया था। एक दिन पहले ही रात में आरती के बाद शिखर की छत से मलबा गिरा था। जेसीबी की सहायता से शिखर का हिस्सा गिराया है।
नगर निगम के जोन क्रमांक 5 मक्सी रोड स्थित सब्जी मंडी परिसर में स्थित प्राचीन शंभुनाथ शिव मंदिर की शिखर की छत क्षतिग्रस्त हो रही थी। रविवार को नगर निगम टीम ने मंदिर के पुजारी की सहमति से जर्जर हिस्सा गिराने की कार्यवाही की है। मंदिर के पुजारी हरिओम तिवारी ने बताया गया की मंदिर की शिखर की छत बारिश के कारण कमजोर हो गई थी। जिसके कारण छत से मलबा गिरने लगा था। शनिवार को भी रात में आरती के बाद मलबे का बड़ा हिस्सा गिरा था। बड़ी दुर्घटना की संभावना को देखते हुए मंदिर की शिखर की छत को स्वेच्छा से हटाने के लिए नगर निगम में अधिकारियों को अवगत करवाया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि ना होने पाए। इसके बाद नगर निगम द्वारा छत का हिस्सा हटाने की कार्यवाही की गई है। पुजारी तिवारी ने कहा कि समिति द्वारा मंदिर के नए शिखर का निर्माण कराया जाएगा। नगर निगम जोन पांच के भवन अधिकारी जेपी मालवीय ने बताया कि छत का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह जर्जर हो चुका था। छत में लगे सरिये भी सड़ चुके थे। जगह-जगह से प्लास्टर निकल रहा था। पुजारी की सहमति के बाद जर्जर छत को हटाया गया है।