भोपाल। मप्र के राज्यमंत्री डीडी उइके ने रविवार को गायत्री प्रज्ञापीठ बरखेड़ा भेल पहुंचकर गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस मौके पर उइके ने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के व्यक्तित्व निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण के सूत्रों की विस्तृत व्याख्या करते हुए बताया कि सशक्त और समृद्ध भारत के लिए युग ऋषि के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और एक अभिनव समाज की संरचना में पूर्ण निष्ठा के साथ संलग्न रहना गायत्री परिवार के प्रत्येक कार्यकर्ता का युगधर्म है।
प्रबंध ट्रस्टी शिवनारायण राजपूत ने बताया कि इस मौके पर विशेष अतिथि के रूप में अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मध्य जोन प्रभारी जगदीश कुल्मी, मध्य प्रदेश जोन समन्वयक राजेश पटेल, शक्तिपीठ प्रकोष्ठ प्रभारी आर.के. गुप्ता, उपजोन समन्वयक आर. पी.हजारी, सहायक उपजोन समन्वयक अशोक सक्सेना, आर.सी.गायकवाड़ मौजूद रहे।
राजेश पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए माता भगवती देवी के जन्म शताब्दी वर्ष को सफल बनाने के लिए विस्तृत कार्य योजना की रूपरेखा बताई। जिसके तहत वर्ष 2025-26 में मध्यप्रदेश के प्रत्येक गांव तक पहुंच कर गुरूजी के उद्देश्यों को घर घर तक पहुंचाया जाएगा। जगदीश कुलमी ने बताया कि इस वर्ष आयोजित उपयात्रा के माध्यम से प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायत तक मातृशक्ति श्रद्धा संवर्धन के सफल प्रयोग को शांतिकुंज द्वारा पूरे देश में लागू किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन गजानंद के घिघोड़े ने किया। आभार प्रदर्शन सी एल. चौरासे द्वारा किया गया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के सक्रिय समयदानी और युवा टीम के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।