नीमच। मंगलवार को नीमच कलेक्टर कार्यालय पर जिले के विभिन्न स्थानों से मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में काम करने वाले आउटसोर्सिंग कर्मचारी बड़ी संख्या में पहुंचे। जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर चंदन सिंह धारवे को दिया।
ज्ञापन के माध्यम से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने बताया कि आउटसोर्सिंग एजेंसी के द्वारा उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा। जुलाई का वेतन उन्हें अब तक नहीं दिया गया है। ज्ञापन के माध्यम से बताया कि सभी आउटसोर्सिंग कर्मचारी आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। ऐसे में वेतन समय पर नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक तंगी का सामना भी करना पड़ता है।
आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नियुक्त करने वाली एजेंसी मेजर्स ऑल सर्विसेज ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड मुंबई को आदेशित करें कि वह आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को समय पर वेतन दें। मामले पर अधिकारियों ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को जल्द उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।