इंदौर। पूर्व विधायक और लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए संजय शुक्ला ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। शुक्ला ने पीएम को पत्र लिखकर बांग्लादेश पर सर्जिकल स्ट्राइक करने की माँग की है। शुक्ला ने लिखा कि भारत के द्वारा बांग्लादेश पर सर्जिकल स्ट्राइक कर वहां रह रहे हिंदुओं को बचाया जाए।
शुक्ला ने लिखा कि पूर्व में आपके नेतृत्व में पाकिस्तान की सीमा के क्षेत्र में संचालित हो रहे आतंकवादियों के प्रशिक्षण शिविर पर सर्जिकल स्ट्राइक कर हमला किया गया था। इसका परिणाम यह हुआ कि उसके बाद से भारत में आतंकवाद की कमर टूट गई।
इस समय बांग्लादेश में जो स्थिति बनी है वह निश्चित तौर पर भारत के लिए चिंताजनक है। जो समाचार वहां से आ रहे हैं उसमें यह जानकारी स्पष्ट रूप से सामने आ रही है कि वहां पर हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन पर हमले हो रहे हैं, उनकी हत्या हो रही है, बहन बेटियों की इज्जत लूटी जा रही है। ऐसे में आवश्यक है कि भारत सरकार अब बांग्लादेश पर सर्जिकल स्ट्राइक कर हमला करें और वहां पर हिंदुओं की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए।