शाजापुर। पश्चिम बंगाल में डॉक्टर के साथ हुई निंदनीय घटना के विरोध में जिला मुख्यालय पर डॉक्टरों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। डॉक्टरों ने 1 घंटे के लिए पेन डाउन हड़ताल की।
डॉक्टर राजकुमार पाटीदार, प्रेसिडेंट ने बताया कि पश्चिम बंगाल में हुई घटना का कड़ा विरोध करते हैं। महिला डॉक्टर के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसके बाद उनको मौत के घाट उतार दिया, यह बहुत ही शर्म की बात है। अस्पताल परिसर के अंदर महिला के साथ दुष्कर्म और फिर उसको मार दिया, यह सब प्रशासन के नाक के नीचे हुआ। पश्चिम बंगाल सरकार को दोषियों को जल्द से जल्द सजा देना चाहिए।
डॉक्टरों ने मांग की कि दोषियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए और अस्पतालों में सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। डॉक्टरों ने सरकार से मांग की कि वे डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए एक नीति बनाएं और उसे लागू करें। प्रदर्शन में जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों के अलावा अन्य चिकित्सा संस्थानों के डॉक्टर भी शामिल हुए। सभी डॉक्टरों ने एक आवाज में दोषियों को सजा देने और डॉक्टरों की सुरक्षा की मांग की।
डॉक्टर पाटीदार ने आगे बताया कि शनिवार को पूरे देश में 17 तारीख की सुबह 6 बजे से लेकर 18 तारीख की सुबह 6 बजे तक पूरे देश में चिकित्सा सेवाएं बंद रहेगी। यह हड़ताल दोषियों को सजा दिलाने और डॉक्टरों की सुरक्षा की मांग के लिए की जा रही है।