चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं महेन्द्र सिंह सिसोदिया अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल द्वारा जिला कारागृह चित्तौड़गढ़ का निरीक्षण किया गया। प्राधिकरण सचिव द्वारा रसोई घर, बैरक, शौचालय, स्नानागार का एवं महिला बन्दी वार्ड का निरीक्षण किया जाकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये तथा बंदियों से परिजनों की मुलाकात कक्ष का भी निरीक्षण किया गया। जेल विधिक सहायता क्लिनिक का भी निरीक्षण किया गया।
माननीय नालसा एवं रालसा के निर्देशानुसार एवं एसओपी की पालना के अनुरूप क्लिनिक का संचालन, उनकी गतिविधि एवं चलाये जा रहे रजिस्टरों का निरीक्षण व सुधार हेतु आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किये गए। प्राधिकरण सचिव द्वारा सभी बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी देते हुए प्रत्येक बंदी से उसके जेल में आने के कारणों एवं उसकी तरफ से कोई वकील पैरवी कर रहा है अथवा नहीं आदि की जानकारी ली तथा ऐसे बंदी जिन्हें निःशुल्क अधिवक्ता की आवश्यकता हो, उनके लिए नियमानुसार विधिक सहायता आवेदन भरवाकर अधिवक्ता नियुक्ति की कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। जिन बंदियों के जमानत आवेदन हो चुके हैं, उनके परिजनों से संपर्क कर जमानती पेश करवाने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान जेल अधीक्षक निरंजनलाल शर्मा एवं जेलर ओंमकारलाल जोशी तथा लिगल एड डिफेंस काउसिंल असिस्टेंट गोरव टेलर उपस्थित रहे।