नीमच। जिले में स्वीकृत सभी सीएम राईज स्कूलों में इसी सत्र से अध्यापन कार्य प्रारंभ करवाएं। इन विशेष स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रयास यह हो कि सीएम राईज स्कूलों का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहे और मेरिट में भी विद्यार्थी स्थान प्राप्त करें। सीएम राईज स्कूलों के भवन निर्माण कार्याे की गुणवत्ता अच्छी हो और निर्माण कार्य इसी माह पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जिला शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिले के सभी सी.एम.राईज स्कूलों के प्रचार्याे की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर चंद्रा ने प्राचार्याे से सीएम राईज स्कूल में पदस्थ स्टाफ, उपलब्ध वाहन सुविधा एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होने प्राचार्याे से सीएम राईज स्कूल भवन निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में भी चर्चा की और निर्देश दिए कि स्कूल भवनों के निर्माण का कार्य गुणवत्ता के साथ इसी माह पूर्ण करवाए। सीएम राईज स्कूल में बेहतर शिक्षकों और सुविधाओं की उपलब्धता शासन व्दारा सुनिश्चित की गई है। इन विद्यालयों में प्राचार्याे एवं सभी शिक्षकगण, विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे। परीक्षा परिणाम भी शतप्रतिशत रहे, ऐसे प्रयास करें, कि सीएम राईज स्कूल के विद्यार्थी प्रदेश की मेरिट में भी स्थान बना सके। कलेक्टर ने सीएम राईज स्कूल भवन निर्माण के अप्रारंभ कार्याे को भी शीघ्र प्रारंभ करवाने के निर्देश दिए।