ग्वालियर। रक्षाबंधन के त्योहार में अब एक दिन शेष रह गया है। त्योहार पर घर पहुंचने के लिए निकलने वालों ने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भीड़ बढ़ा दी है। ग्वालियर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भीड़ का यह आलम है कि पैर रखने के लिए जगह नहीं है। सुपरफास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों के एसी व रिजर्वेशन कोचों का नजारा जनरल बोगी की तरह नजर आ रहा है।
जबकि ट्रेन की जनरल बोगियों में तो गेट पर लटक कर सफर करना पड़ रहा है। यही हालत रोडबेज व प्राइवेट बस स्टैंड पर बसों का नजर आ रहा है। बीते तीन दिन में ग्वालियर में 50 से हजार से एक लाख यात्रियों की संख्या बढ़ गई है।
रक्षाबंधन का त्योहार 19 अगस्त (सोमवार) को मनाया जा रहा है। रक्षाबंधन के त्योहार पर भाइयों और बहनों के घर जा रहे यात्रियों की भीड़ के कारण रविवार को ट्रेनें व बसें पूरी तरह से फुल चल रही हैं। स्टेशन के प्लेटफार्म खचाखच भरे नजर आए। ट्रेन पकड़ने के लिए लोगों के बीच दिनभर धक्का-मुक्की होती रही। जनरल कोच के कई यात्री खड़े-खड़े यात्रा करने के लिए स्लीपर कोचों में सवार हो गए। इसके चलते स्लीपर के यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए आरपीएफ के जवान दिनभर स्टेशन पर भागादौड़ करते हुए नजर आए।
यही आलम बस स्टैंड पर भी दिखा, मनचाहा किराया मांगा
त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए ग्वालियर रोडबेज व प्राइवेट बस स्टैंड पर भी यात्रियों की अच्छी खासी संख्या है। लोग बसों में भी सीट के लिए भागदौड़ कर रहे हैं। इसका फायदा बस ऑपरेटर्स उठा रहे हैं। यात्रियों की संख्या को देखते हुए उन्होंने मनचाहा किराया वसूला है। भिंड, मुरैना, डबरा, दतिया व झांसी, टीकमगढ़ के लिए यात्रियों से 30 से 50 रुपए तक ज्यादा लिए हैं। अधिक किराया वसूलने के बाद भी खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है।
ट्रेने देरी से चलने कुछ रद्द होने से बढ़ गई परेशानी
एक तो रक्षाबंधन के त्योहार की भीड़, दूसरा कानपुर में हादसे के बाद अब भी ट्रेनों की चाल सामान्य नहीं हो पाई है। कई ट्रेनें देरी से चल रही है तो कुछ रद्द हैं। जिस कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनें देरी से चलने और रद्द होने पर सुबह से इंक्वायरी पर यात्रियों की भीड़ लगी हुई थी। स्टेशन पर बैठे यात्री ट्रेनों के लेट होने पर उनका समय पता करने के लिए बार-बार इंक्वायरी ऑफिस के चक्कर काट रहे हैं। इंक्वायरी ऑफिस पर भी कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के देरी से आने के बारे में बार-बार एनाउंस किया जा रहा है। दिल्ली और भोपाल से आने वाली ट्रेनों के लेट होने के कारण प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की भारी भीड़ है। यात्री स्टेशन पर बैठे-बैठे ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। कौन सी ट्रेन कब तक आएगी इस बारे में इंक्वायरी ऑफिस से सही जानकारी नहीं मिल पा रही है।
बाजारों में त्योहार की भीड़, हर तरह रौनक
रक्षाबंधन के त्योहार के चलते बाजार भी गुलजार नजर आ रहे हैं। ग्वालियर के प्रमुख बाजारों में राखियों की दुकानें सज गई हैं। बच्चों के लिए टॉय राखियों की डिमांड है तो बड़ों के लिए रेशम के रक्षासूत्र। सदर बाजार मुरार में घेवर (मिठाई) की दुकानें भी सज गई हैं।