चित्तौड़गढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत डीएसटी एवं सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 22 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) पाउडर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसपी बृजेश सिंह के मार्गदर्शन में सदर थाना प्रभारी एसआई तुलसीराम मय जाप्ता 14 जुलाई की रात गश्त पर थे। इसी दौरान सदर थाना के पीछे वाली सड़क पर एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस वाहन को देखकर यू-टर्न लेकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान रोहित शर्मा (20) एवं मोहम्मद तबरेज गौरी (26) निवासी निम्बाहेड़ा के रूप में बताई। तलाशी लेने पर मोहम्मद तबरेज की निकर की जेब से एक प्लास्टिक की थैली में 22 ग्राम अवैध एमडी पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ एवं मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से एमडी की खरीद-फरोख्त एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में एसआई तुलसीराम, कांस्टेबल डूंगर सिंह, नरेंद्र, भजन, कुलदीप एवं चालक मुकेश के साथ डीएसटी टीम के हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, राजदीप सिंह तथा कांस्टेबल विजय सिंह, विक्रम सिंह, दुर्गाराम एवं दीपक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।