चित्तौड़गढ़। महेन्द्र सिंह सिसोदिया अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), चित्तौड़गढ़ के निर्देशन में चित्तौड़गढ़ मुख्यालय पर पदस्थापित समस्त न्यायिक अधिकारियों द्वारा न्यायालय परिसर में हरित अभियान-एक पेड़ माँ के नाम के तहत् वृक्षारोपण किया गया। अध्यक्ष महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने न्यायालय परिसर में पौधारोपण कर सभी न्यायिक कर्मचारियों को वृक्षारोपण का महत्व समझाते हुए अधिकाधिक संख्या में वृक्ष लगाने हेतु प्रोत्साहित किया। सचिव महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सुनील कुमार गोयल ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा चलाए जा रहे “हरित अभियान-एक पेड़ माँ के नाम” का उद्देश्य है पर्यावरण संरक्षण एवं तापमान नियंत्रण जिसके तहत् सम्पूर्ण राजस्थान में वृक्षारोपण किया जा रहा है तथा इन पौधों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि वृक्षारोपण हमारे आज एवं आने वाले कल को सुरक्षित रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। वृक्ष न केवल हमें प्राणवायु देते हैं अपितु प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने एवं पर्यावरण प्रदूषण को रोकने में भी मदद करते हैं। मानव जीवन के अस्तित्व को बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण किया जाना अति आवश्यक है। इस दौरान समस्त न्यायिक अधिकारी, जिला अभिभाषक संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा न्यायिक कर्मचारीगण उपस्थित रहे।