नीमच। शहर के कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित आयुष भवन में आपदा प्रबंधन विषयक स्वयंसेवी संस्थाओं के लिए दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। 28 और 29 अगस्त को आयोजित कार्यशाला में 85 स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आपदा की स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें भोपाल से आए आपदा प्रबंधन संस्थान के संयुक्त संचालक डॉक्टर जॉर्ज वी जोसेफ, तकनीकी विशेषज्ञ अभिषेक मिश्रा और प्लाटून कमांडर पुष्पा पंवार ने प्रतिभागियों को आपदा के प्रबंधन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस मौके पर राहत शाखा की सरिता मालवीय मौजूद रही।
कार्यशाला में बताया गया कि आग लगने, भूकंप आने या बाढ़ की स्थिति में आम नागरिकों द्वारा किस तरह बचाव कार्य किया जा सकता है। जिसके लिए थ्योरिकल, प्रैक्टिकल और नाट्य मंचन के माध्यम से उपस्थितजनों को विभिन्न जानकारियों से अवगत कराया गया। ट्रेनर्स द्वारा आपदा से पूर्व की तैयारियों, आपदा के दौरान बचाव कार्य और आपदा के पश्चात किए जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। एसडीआरएफ द्वारा विभिन्न संसाधनों के माध्यम से डेमो का प्रदर्शन भी किया गया।