रतलाम। नगर निगम में गुरुवार दोपहर अचानक लोकायुक्त की टीम पहुंची। टीम के आने की जानकारी मिलने पर नगर निगम में हड़कंप मच गया। हर कोई अपने स्तर से जानकारी जुटाने में लग गया कि आखिरकार लोकायुक्त के अधिकारी क्यो आए। टीम सीधे लोकनिर्माण विभाग में पहुंची। अधिकारियों से रतलाम में शहर में बनी सड़कों की फाइले मंगवाई।
दरअसल रतलाम शहर में बनी कुछ सड़कों में अनियमितता व भ्रष्टाचार को लेकर शिकायत लोकायुक्त में हुई है। शिकायत की जांच करने टीम के सदस्य लोकायुक्त डीएसपी सुनील तालान के साथ रतलाम पहुंचे। सीधे नगर निगम के लोकनिर्माण शाखा में पहुंचे। मौजूद अधिकारियों से जिन सड़कों की शिकायत हुई, उनसे जुड़ी फाइल मांगी। दस्तावेज जांचे। करीब एक घंटे तक टीम नगर निगम में मौजूद रही।
उज्जैन लोकायुक्त डीएसपी सुनील तालान ने बताया कि रतलाम में गणेश देवरी, चांदनी चौक, घांस बाजार, शमशान रोड सहित कुछ मार्गों पर बनी सड़कों को लेकर शिकायत लोकायुक्त एसपी का प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया कि यह सड़के घटिया क्वालिटी से निर्माण किया है। समय से पहले ही उखड़ने लगी है। इसी की जांच करने आए है। दस्तावेज देखे है। जांच की जा रही है। जो तथ्य मिलेंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि इस संबंध में नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों व इंजीनियरों ने अभी तक क्या कार्रवाई की। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी बार लोकायुक्त टीम पहुंची नगर निगम
नगर निगम में लोकायुक्त की टीम दूसरी बार आई है। इसके पूर्व राजीव गांधी सिविक सेंटर के प्लाटों की रजिस्ट्री के मामले में टीम आई थी। दस्तावेज व अन्य जानकारी लेकर गई थी। अब फिर सड़कों की शिकायत पर जांच करने पहुंची।