नीमच। शहर के हर चौक चौराहों और गली मोहल्ले में अवैध बैनर, पोस्टर, होर्डिंग लगे हुए हैं। इनमें कोई जन्मदिन की बधाई दे रहा है, तो कोई अपनी दुकान का प्रमोशन कर रहा है। वहीं इन होर्डिंग्स और बैनर्स से हादसों का भी भय बना रहता है। ऐसे में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शहर को अवैध होर्डिंग्स, बैनर्स से मुक्त करने का निर्णय लिया और नगर पालिका प्रशासन को बीते दिनों इस संबंध में आदेश दिए कि वे शहर से सभी होर्डिंग्स और बैनर्स को हटाएं।
इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह नगर पालिका सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ ने शहर मैं लगे बैनर पोस्टर व अवैध होर्डिंग्स को हटाने की कार्रवाई शुरू की। टीम ने शहर के सीआरपीएफ चौराहा, टैगोर मार्ग, विजय टॉकीज चौराहा, फव्वारा चौक आदि कई जगह से शहर में लगे अवैध होर्डिंग को हटाया गया। साथ ही कड़े निर्देश दिए हैं कि यदि कोई इस तरह दोबारा करता है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में जल्द ही शहर की शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी नगर पालिका द्वारा जल्द की जाएगी।