हरदा। मकडाई राजघराने के राजा एवं विधायक अभिजीत शाह के पिता अजय शाह का शुक्रवार मकडाई में अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी ऊईक, विधायक डॉ. आर के दोगने, पूर्व मंत्री कमल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
गौरतलब है कि बीते करीब दो सालों से कैंसर की बीमारी से लड़ाई लड़ रहे हैं। अजय शाह का शुक्रवार को इंदौर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। देर रात को उनका पार्थिव शरीर इंदौर से उनके पैतृक गांव खुदिया लाया गया। जहां राज-घराने की परंपरा के हिसाब से शनिवार सुबह करीब 11 बजे खुदिया से अंतिम यात्रा निकाली गई। जिसमें उनके बेटे विधायक अभिजीत शाह, राहुल शाह, छोटे भाई कैबिनेट मंत्री विजय शाह, धनंजय शाह और टिमरनी के पूर्व विधायक संजय शाह ने अर्थी को कंधा दिया।
जिसके बाद मकडाई में राजवंश की परंपरा के हिसाब से अंतिम संस्कार किया गया। जिसमें विधायक अभिजीत शाह ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ऊईक ने भी शोक संवेदना प्रकट कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
शोक संवेदना जताने पहुंची पीएचई मंत्री
मकडाई राजघराने के राजा और आदिवासी कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुंवर अजय शाह के निधन की सूचना मिलने पर प्रदेश सरकार में पीएचई मंत्री संपत्तियां ऊईक भी शनिवार दोपहर को खुदिया पहुचीं। उन्होंने शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया।