हरदा। जिले की टिमरनी तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम छिदगांव मेल सहित अन्य तीन चार गांवों के लोगों ने गांव के पास बनी बायो फैक्ट्री की दुर्गंध से परेशान होकर उसे हटाए जाने के लिए प्रदर्शन किया है।
ग्राम छिदगांव, पिपल्या सहित आसपास के ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाले वेस्ट की दुर्गंध से ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। वहीं बुजुर्गों ओर बच्चों में अस्थमा जैसी बीमारियों का प्रभाव दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब फैक्ट्री बनने के दौरान जब ग्रामवासियों से परमिशन ली गई थी। तब उन्हें नहीं पता था कि इतनी परेशानी होगी। वहीं खेती हर भूमि पर किस नियम के मुताबिक अनुमति दी गई है और यहां लगने वाला पानी भी नदी से लिया जा रहा है। जिससे आसपास के क्षेत्रों में जलस्त्रोत कम हो रहा है।
इन सभी मांगों को लेकर ग्रामीणों की मांग है कि फैक्ट्री को यहां से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए, नहीं तो ग्रामीणों को रहना मुश्किल हो जाएगा। उधर फैक्ट्री की सुरक्षा को मौके पर बड़ी मात्रा में पुलिस बल मौजूद रहा।
प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी गई, लेकिन वो फैक्ट्री को बंद करने की मांग पर अड़े रहे। इस मामले को लेकर टिमरनी एसडीएम एम के बम्हना का कहना है कि यहां संचालित होने वाली फैक्ट्री एनजीटी की परमिशन लेकर ही संचालित हो रही है। वहीं यहां मक्का एवं चावल से प्रोडक्ट निकलता है।जिससे एथिनाल बनता है।फैक्ट्री प्रबंधन के अनुसार यह बदबू ना होकर खुशबू है।