टीकमगढ़। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर रविवार को पांच सदस्यीय जांच दल ने टीकमगढ़ जिले के लिधौरा पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्ची और उनके परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। इस दौरान जांच दल में शामिल कांग्रेस प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज करने में देरी करने का आरोप लगाया।
दरअसल, जिले में एक सप्ताह के भीतर दो नाबालिग बच्चियों के साथ हुए गैंग रेप के मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पांच सदस्यीय जांच टीम का गठन कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर रविवार को खरगापुर विधायक चंदा सिंह गौर, बड़ा मलहरा विधायक रामसिया भारती, प्रदेश प्रवक्ता रोशनी यादव, प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूनम जायसवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नवीन साहू ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
इस दौरान किरण अहिरवार ने कहा कि लिधौरा में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ दो लोगों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया था। दुष्कर्म करने वाले आरोपियों के दो दोस्तों ने घटना का वीडियो बनाया था। इसके बाद लड़की को ब्लैकमेल किया गया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के दो दिन बाद एफआईआर दर्ज की।
पूछताछ में पीड़ित परिवार ने बताया कि पुलिस बार-बार थाने बुलाकर परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर पुलिस दबाव में नजर आ रही है। लिधौरा में पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद कांग्रेस का जांच दल खरगापुर के लिए रवाना हुआ।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष नवीन साहू ने बताया कि खरगापुर थाना क्षेत्र में आदिवासी नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सच्चाई का पता लगाया जाएगा।
ट्रांसफर में गड़बड़ी के आरोप लगाए
कांग्रेस प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार ने कहा कि जिले के थानों में थाना प्रभारियों की पोस्टिंग में गड़बड़ी की जा रही है। लंबे समय से अधिकारी जिले में जमे हैं। थाना प्रभारियों की जिले के बाहर पोस्टिंग नहीं की जा रही है। जिससे पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।