शाजापुर। भारतीय जनता पार्टी के हम सभी कार्यकर्ता पांच निष्ठाओं के आधार पर सदस्य बनते हैं और सदस्य बनाते भी हैं। इन पंच निष्ठाओं में सबसे महत्वपूर्ण है, लोकतंत्र की भावना। भारतीय जनता पार्टी इसे करके दिखाती है। देश में लगभग 1500 और दुनिया में अनेक राजनीतिक दल हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही आंतरिक चुनाव से पहले सदस्यता की प्रक्रिया होती है और इस प्रक्रिया के उपरांत ही बूथ स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक चुनाव होते हैं। लोकतंत्र की यह भावना ही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाती है।
यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक नायक ने रविवार को जिला कार्यालय पर सभी मोर्चे एवं विभाग के पदाधिकारियों को सदस्यता अभियान की आयोजित कार्यशाला में संबोधित करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान को हमे संगठन महापर्व के रूप में मनाना है और प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी भागीदारी इसमें सुनिश्चित करें। हम राष्ट्रवादी विचारों के लोग हैं। हमारी पंच निष्ठाओं में से पहली निष्ठा राष्ट्रवादी विचारों की है। हम राष्ट्रवाद की केवल बात नहीं करते, बल्कि उसे साकार करके दिखाते हैं।
कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिसोदिया ने संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान में प्राण-प्रण से जुटकर अधिक से अधिक सदस्य बनाना है, क्योंकि देश को ताकतवर बनाने के लिए यह अत्यंत जरूरी है कि भारतीय जनता पार्टी की शक्ति बढ़ाई जाए। इसलिए अपने परिवार के सदस्यों को भाजपा से जोड़ें, बूथ स्तर पर जो मतदाता पार्टी के सदस्य नहीं बने हैं, उन्हें भी पार्टी से जोड़ें।
कार्यशाला में शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारे नेतृत्व ने तय किया है कि मध्यप्रदेश के सभी 64871 बूथों पर हम सदस्यता अभियान चलाएंगे और डेढ़ करोड़ से अधिक नए सदस्य बनाएंगे। इसके लिए हमें बूथ स्तर तक पहुंचना होगा। अगर हमने प्रत्येक बूथ पर हमने 251 सदस्य बना लिए, तो प्रदेश के सारे बूथ मिलाकर हम अपना लक्ष्य हासिल कर लेंगे।