ग्वालियर। पुलिस कन्ट्रोल रूम सभागार में रविवार को पुलिस अधीक्षक ग्वालियर राकेश कुमार सगर ने ग्वालियर जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के प्रारम्भ में पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने उपस्थित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उनके अनुभाग के थानों व अपराध के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होने उपस्थित राजपत्रित अधिकारियों से कहा कि पुलिस को अपने बेसिक पुलिसिंग के साथ अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देना चाहिए और महिला संबंधी एवं अन्य गंभीर पेंडिंग अपराधों का समयसीमा में निराकरण किया जाना चाहिए। गंभीर अपराध में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया। प्रभारी एसपी ने कहा कि अपराध दर्ज होने के साथ ही उसके निकाल पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए और कोशिश होनी चाहिए कि लंबित अपराध का समयसीमा में निकाल किया जाए। बैठक में उनके द्वारा आगामी त्यौहार पर कानून व्यवस्था, शहर की यातायात व्यवस्था एवं लंबित सीएम हेल्पलाइन के संबंध में भी जानकारी ली। अपराध समीक्षा बैठक में ASP षियाज़ केएम, ASP(पश्चिम) गजेन्द्र सिंह वर्धमान, ASP(ग्रामीण) निरंजन शर्मा, ASP(मध्य) अखिलेश रेनवाल सहित समस्त सीएसपी एवं एसडीओपी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने उपस्थित अधिकारियों से आगामी त्यौहारों पर कानून व्यवस्था की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की और कहा कि त्यौहारों के अवसर पर थाना क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतते हुए आयोजकों की थाना स्तर पर बैठक ली जाकर उनसे संपर्क बनाये रखा जाए और गणेश उत्सव हेतु लगाये जाने वाले पण्डालों की सुरक्षा हेतु एक आरक्षक को लगाया जाए।
बैठक में उन्होने कहा कि अनावश्यक रूप से लंबित महिला संबंधी एवं गंभीर अपराधों के निकाल हेतु राजपत्रित अधिकारीगण स्वयं समीक्षा करें और 173(8) के प्रकरणों में फरार आरोपियों की पतारसी कर उनकी गिरफ्तारी हेतु प्रभावी प्रयास किये जाए। बैठक में प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध दर्ज करने में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए और सूचना मिलते ही अपराध दर्ज किया जाकर वैधानिक कार्यवाही की जाए। पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों को अपने अधीनस्थ थानों में पेण्डिग अपराधों की नियमित समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के प्रयास करने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में उन्होंने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही की जाएगी और इसी को दृष्टिगत रखते हुए तीन महिला संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है। उक्त प्रकरणों में से थाना तिघरा के पॉक्सो एक्ट के अपराध में फरार 10 हजार के एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु प्रभावी प्रयास किये जाएं और महिला संबंधी अपराधों, अंधे कत्ल एवं गंभीर अपराधों में वांछित फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम दिया जाएगा। इस अवसर पर उन्होने कहा कि प्रत्येक थाने में 05-05 प्वाइंट चिन्हित किये जाकर ए और बी कैटेगरी बनाकर वहां पर प्रभावी चेकिंग की जाए और थाना क्षेत्र में नाकाबंदी प्वाइंट बनाकर चेकिंग की जाए। अस्पतालों में आए दिन मरीजों के परिजनों तथा डॉक्टर की बीच होने वाले विवाद को रोकने के लिये पुलिस को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। साथ ही थाने के बीट सिस्टम को प्रभावी रूप से सक्रिय किया जाए। जिले में ड्यूटी के दौरान अच्छा कार्य करने वाले जवानों को प्रतिदिन इनाम देकर पुरस्कृत किया जाएगा। आपस में विवाद कर शांति भंग करने वालों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्यवाही करने हेतु उपस्थित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके अलावा शहर की यातायात व्यवस्था बनाये रखने हेतु भी संबंधित को निर्देशित किया।किया।