चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में 30 अगस्त से 02 सितम्बर 2024 तक चार दिवसीय इंटर हाउस एक्वेटिक चैंपियनशिप का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि सैनिक स्कूल्स सोसाइटी के निरीक्षण अधिकारी एयर कमोडोर एस जैकब थे। स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल पारूल श्रीवास्तव एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
स्कूल के जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि इस चैंपियनशिप में स्कूल के सभी ग्यारह सदनों के कक्षा छठवीं से ग्यारहवीं के कैडेट्स ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता को ग्रुप ए सीनियर्स ग्रुप बी जूनियर्स ग्रुप सी सब-जूनियर्स ग्रुप डी गर्ल्स श्रेणियों के तहत विभाजित किया गया। चैंपियनशिप के दौरान विभिन्न तैराकी स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें 25 मीटर फ्रीस्टाइल 50 मीटर फ्रीस्टाइल 25 मीटर बैकस्ट्रोक जैसी प्रतियोगिताएं शामिल थीं। सभी सदनों के कैडेट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।
जयमल हाउस ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर इस चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि लव हाउस उपविजेता रहा। इस प्रतियोगिता में ग्रुप ए सीनियर्स वर्ग 25 मीटर फ्रीस्टाइल में कैडेट श्रेय ने स्वर्ण पदक कैडेट ऋतुराज ने रजत पदक एवं कैडेट राज्यवर्धन ने कांस्य पदक जीता। ग्रुप बी जूनियर्स वर्ग 25 मीटर फ्रीस्टाइल में कैडेट गजेन्द्र ने स्वर्ण पदक कैडेट विपुल ने रजत पदक एवं कैडेट करण ने कांस्य पदक जीता। ग्रुप सी सब-जूनियर्स वर्ग 25 मीटर फ्रीस्टाइल में कैडेट संजय ने स्वर्ण पदक कैडेट मोहनीश ने रजत पदक एवं कैडेट उत्कर्ष ने कांस्य पदक जीता। ग्रुप डी गर्ल्स वर्ग 25 मीटर फ्रीस्टाइल में कैडेट नंदनी ने स्वर्ण पदक कैडेट वागीशा ने रजत पदक एवं कैडेट याशिता ने कांस्य पदक जीता। ग्रुप ए सीनियर्स वर्ग 50 मीटर फ्रीस्टाइल में कैडेट विराज ने स्वर्ण पदक कैडेट रिषभ ने रजत पदक एवं कैडेट अदव्य सिंह जसरोटिया ने कांस्य पदक जीता। ग्रुप बी जूनियर्स वर्ग 50 मीटर फ्रीस्टाइल में कैडेट अर्नव ने स्वर्ण पदक कैडेट शिवशक्ति ने रजत पदक एवं कैडेट भव्य ने कांस्य पदक जीता।
मुख्य अतिथि एयर कमोडोर एस जैकब ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं छात्रों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं। यह प्रतियोगिता न केवल शारीरिक विकास का एक साधन है, बल्कि यह हमारी मानसिक शक्ति धैर्य टीम वर्क और समर्पण का भी प्रतीक है। इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे सभी छात्रों ने जो समर्पण और साहस दिखाया है, वह अनुकरणीय है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और खेलों में भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। प्रतियोगिता के संयोजक मनीष जैन एवं हवलदार एम कन्नन थे। अंत में विजेता हाउस को मुख्य अतिथि ने ट्रॉफी प्रदान की।