चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ महेन्द्र सिंह सिसोदिया के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल द्वारा राजकीय किशोर एवं सम्प्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विधि से संघर्षरत 04 बालक, देखभाल व संरक्षण की आवश्यकता वाले 3 बालक एवं विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण एजेंसी वाले शिशु बालक-बालिका 04 उपस्थित पाये गये। निरीक्षण के दौरान राजकीय किशोर एवं सम्प्रेषण गृह में बालकों से वार्तालाप कर वहां की व्यवस्थाओं एवं दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। खाना, साफ-सफाई, पीने के लिए स्वच्छ पानी आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
प्रभारी अधीक्षक चन्द्र प्रकाश जीनगर ने बताया कि सप्ताह में एक बार बालकों के स्वास्थ्य की जांच की जाती है तथा प्रत्येक बच्चे की मेडिकल फाईल पृथक से संचालित है। बालकों को समय समय पर विभिन्न प्रकार के कौशल सिखाए जाते हैं। सचिव सुनील कुमार गोयल द्वारा विधि से संघर्षरत बालकों को जमानत आवेदन लगवाने हेतु भी निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति अध्यक्ष प्रियंका पालीवाल, एलएडीसीएस असिस्टेंट गौरव टेलर आदि सदस्य उपस्थित थे।