चित्तौड़गढ़। बीते सप्ताह तेज उमस और गर्मी की तपन के बाद मंगलवार रात को फिर से मानसून सक्रिय हुआ, मंगलवार रात से वर्षा के बाद क्षेत्र के जलाशयो में पानी की आवक शुरू हो गई है। हालांकि जिले के अधिकांश जलाशय अभी भी रीते ही पड़े हैं। लेकिन जिले का सबसे बड़ा बांध गंभीरी लबालब हो गया है। गंभीरी बांध में चादर चलने के बाद बांध के चार छोटे गेट खोले गए है, जिससे शहर के बीच से बहने वाली गंभीरी नदी में पानी की आवक शुरू हुई है। अभी भी जिले को यही आस है कि इंद्रदेव और मेहरबान हो ताकि रिते पड़े जलाशयों में पानी आने लगे। चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा क्षेत्र में काफी जलाशय तो भर गए हैं लेकिन कपासन, भोपाल सागर, गंगरार क्षेत्र के जलाशय अभी भी सूखे पड़े हैं। हालांकि अभी यही आस है कि चित्तौड़गढ़ में सूखे पड़े जलाशयों में पानी की आवक हो जाएगी।
चित्तौड़गढ़ जिले के सबसे बड़े गंभीरी बांध लबालब हो गया है मध्य प्रदेश में लगातार वर्षा के बाद मोरवन डैम भरा, जिसके बाद उसका पानी गंभीरी डैम में आने लगा गंभीरी डैम की चादर चलने की खबर से शहर वासियों के चेहरे खिल उठते हैं। दोपहर बाद गंभीरी के चार छोटे गेट खुलने की सूचना आई इसके कुछ देर बाद चित्तौड़गढ़ शहर के बीच से बहने वाली गंभीरी नदी में पानी की आवक हुई और नदी जलस्तर बढ़ने लगा। गंभीरी नदी के घाट पर बनी चौपाटी की दुकानों तक पानी पहुंच गया। नदी की पुलिया पर और नदी के घाट पर लोग बढ़ते जल स्तर को देखने के लिए पहुंचने लगे। लंबे अरसे के गंभीरी नदी में पानी की आवक से कचरे से अटी पड़ी जीवन दायिनी गंभीरी नदी का कचरा साफ हुआ।
चित्तौड़गढ़ जिले में वर्षा की स्थिति-
जिले मे सबसे ज्यादा बड़ीसादड़ी मे 73 एमएम व सबसे कम कपासन में 5 एमएम बारिश हुई हैं। पिछले 24 घण्टे से जिले मे एक बार फिर बारिश का दौर जारी है। बुधवार प्रातः 8 बजे तक जिले मे सबसे ज्यादा वर्षा बडीसादड़ी मे 73 एमएम एवं सबसे कम कपासन मे 5 एमएम बारिश दर्ज की गई।
कलक्ट्रेट कंट्रोल रूम के अनुसार जिले में आज बुधवार को प्रातः 8 बजे तक चित्तौड़गढ़ में 53 एमएम, बस्सी 24, गंगरार 33, राशमी 18, कपासन 5, बेगूं 41, निंबाहेड़ा 54, भदेसर 68, डूंगला 53, बड़ीसादड़ी 73 एवं भोपालसागर मे 7 एमएम वर्षा दर्ज की गई है।
जिले में एक जून से 4 सितम्बर तक वर्षा की स्थिति-
जिले मे एक जून से 4 सितंबर बुधवार प्रातः 8 बजे तक सबसे ज्यादा बारिश भैंसरोडगढ़ में 873 एमएम व सबसे कम गंगरार मे 578 एमएम दर्ज की गई।
कंट्रोल रूम के अनुसार जिले में 4 सितंबर बुधवार को प्रातः 8 बजे तक चित्तौड़गढ़ में 699, बस्सी 644, गंगरार 578, राशमी 802, कपासन 701, बेगूं 758, निंबाहेड़ा 785, भदेसर 713, डूंगला 702, बड़ीसादड़ी 602, भैसरोडगढ़ 873 एवं भोपालसागर मे 790 एमएम वर्षा दर्ज की गई है।