मंदसौर। प्रदेश के साथ-साथ संपूर्ण जिले में राजस्व महाअभियान 2.0 जिले में 18 जुलाई से 31 अगस्त तक चलाया गया। प्रदेश सरकार किसान, युवा तथा महिलाओ एवं गरीब वर्ग के सुविधाओ में विस्तार तथा उनका जीवन सहज एवं सरल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसानों को राजस्व संबंधी समस्या के निराकरण के लिए दो चरणों में राजस्व महा अभियान का संचालन कर वर्षों से लंबित समस्याओं एवं राजस्व प्रकरणों का निराकरण कराया है। नागरिकों की सुविधा के लिये प्रांतव्यापी चलाए गये राजस्व महाअभियान के 2 चरण कारगर सिद्ध हुआ है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर मंदसौर जिले में राजस्व अभियान का संचालन किया गया। इस कार्य में राजस्व अमला के साथ साथ अन्य विभागों का भी सहयोग लिया गया। जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए है। राजस्व महा अभियान 2.0 के तहत जमीन संबंधी मामलों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य के साथ चलाए गए अभियान के माध्यम से 1 लाख 72 हजार 70 राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया है।
राजस्व महा अभियान के माध्यम से नामांतरण के 6426 में से 2084 प्रकरणों का, बंटवारा के 869 प्रकरणों में से 566 प्रकरणों का, अभिलेख दुरूस्तगी के 285 प्रकरणों में से 230 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसी तरह नक्सा तरमीम के 1 लाख 69 हजार 190 प्रकरणों का निराकरण किया गया। समग्र लैण्ड ई केवायसी के 1 लाख 78 हजार 57 प्रकरणों का निराकरण किया गया।