नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा जनसुनवाई कार्यक्रम तहसील मुख्यालय पर आयोजित करने के आदेश दिए जाने के बाद तहसील के आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय परम्परा समाधान भी होने लगा है।
कलेक्टर चंद्रा के निर्देशों का ही परिणाम है, कि तहसील मुख्यालय पर आयोजित होने वाली जनसुनवाई में ग्रामीणों और आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण का लाभ मिलने लगा है, जिसका उदाहरण सिंगोली तहसील के ग्राम पटियाल में देखने को मिला जिनकी पेयजल समस्या का दो दिन में निराकरण हो गया है, इससे ग्रामीणों के चहेरे पर खुशी नजर आ रही है। बीते मंगलवार को जनसुनवाई में पटियाल के वार्ड क्रमांक 4 और 5 के निवासियों ने लगभग 5 माह से पीने के पानी की समस्या का समाधान करने का आवेदन सिंगोली तहसीलदार को दिया । ग्रामीणों ने तहसीलदार आरके सोनी को पीने के पानी की समस्या से अवगत करवाया और जल्द से जल्द समस्या का निराकरण करने की मांग की। इस पर तहसीलदार आर.के. सोनी ने कलेक्टर श्री चंद्रा के निर्देश पर जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पर जनपद पंचायत जावद सीईओ आकाश धुर्वे से सहयोग प्राप्त कर ग्राम पंचायत पटियाल के वार्ड क्रमांक 4 और वार्ड क्रमांक 5 में सरपंच सचिव को निर्देशित कर पेयजल की उपलब्धता करवाई, जिससे वार्डवासियों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और ग्रामीणों ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा को धन्यवाद देते हुए कलेक्टर द्वारा तहसील मुख्यालय पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित करने ,ग्रामीणों की पेयजल समस्या का समाधान कर तत्काल राहत प्रदान करने की प्रशंसा करते हुए उन्हे धन्यवाद दिया है।