चित्तौड़गढ़। राज्य के चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल में गुरुवार को शिक्षक दिवस समारोह बड़े उत्साह और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। स्कूल के शंकर मेनन सभागार में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि सैनिक स्कूल्स सोसाइटी नई दिल्ली के निरीक्षण अधिकारी एयर कमोडोर एस जैकब थे। सभागार में पहुँचने पर मुख्य अतिथि का स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन एवं डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर को माल्यार्पण कर हुई। स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार एवं स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर को माल्यार्पण कर श्रदांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक दिवस हमें अपने गुरुओं और शिक्षकों के प्रति आदर और सम्मान प्रकट करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करता है। शिक्षक वह शिल्पकार हैं जो न केवल छात्रों को ज्ञान का प्रकाश देते हैं, बल्कि उनके व्यक्तित्व और चरित्र का भी निर्माण करते हैं। एक शिक्षक का प्रभाव केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह समाज और देश के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को कहा, आप सभी भाग्यशाली हैं कि आपको इस विद्यालय में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला है। आपके शिक्षक आपके जीवन के पथप्रदर्शक हैं उनके अनुभव और ज्ञान का आदर करें और उनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन को सफल बनाएं।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि इस अवसर पर स्कूल कैप्टेन कैडेट मोहित ने छात्र प्राचार्य कैडेट युग रेडु ने छात्र उप प्राचार्य एवं कैडेट अक्षत ओझा ने छात्र प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कार्य किया। कक्षा बारहवी के छात्रों ने सभी शिक्षको का अभिनंदन किया। इस अवसर पर कैडेट मधुसुदन ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य के निर्देशन में तैयार की गई हिंदी अंग्रेजी पुस्तक का विमोचन किया। मंच का संचालन कैडेट भव्य जैन एवं कैडेट अर्पित कुमार जांगिड ने किया। इस अवसर पर स्कूल के इंडोर स्टेडियम में एक केक भी काटा गया।