सिंगोली। कस्बे में शुक्रवार को नीमच जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर अवैध कब्जो और निर्माणों को बुलडोजर चला कर जमींदोज किया गया।
तहसीलदार राजेश सोनी, नायब तहसीलदार भगवान सिंह ठाकुर, थानाधिकारी बीएल भाबर, रतनगढ़ थाना प्रभारी बी एस गोरे के नेतृत्व में प्रात: 11 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान सिंगोली के स्थित पुराने बस स्टैंड से सड़क किनारे सालों से रखी गई घुमटीयों, दुकानों के सामने खड़े किए गए टीन शेड और नालियों के ऊपर किए गए अवैध निर्माणों को हटाया गया।
दोपहर साढ़े 3 बजे तक चली कार्रवाई में पुराना बस स्टैंड से तिलस्वां चौराहा तक मुख्य सड़क मार्ग पर वर्षो से हो रहे अतिक्रमण को मुक्त करवाकर शहर के यातायात को दुरुस्त करवाया गया।
बता दे कि बीते दिनों नीमच जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सिंगोली आए थे तब मार्ग में बाधित यातायात व्यवस्था को देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्ति की थी।
बैठक के दौरान उन्होंने तहसीलदार को निर्देशित कर कस्बे के मुख्य मार्गो को अतिक्रमण मुक्त करने को कहा था।
जिला कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई के दौरान सिंगोली तहसीलदार राजेश सोनी, नायब तहसीलदार भगवान सिंह ठाकुर, सिंगोली थाना अधिकारी बी एल भाबर, रतनगढ़ थाना प्रभारी बी एस गोरे, प्रभारी सीएमओ अंकित मांझी के अलावा डिकेन चौकी प्रभारी विपिन मसीह सहित पुलिस, राजस्व, नगर निकाय एवं विद्युत विभाग का अमला मौजूद रहा।