गुना। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुम्भराज अंतर्गत रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक प्रियंका पैंची उपस्थित रही। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत विकास संबंधी और समस्याओं के निवारण संबंधी चर्चा हुई। साथ ही विधायक प्रियंका पैंची ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारियों को लोगों के प्रति सौम्य व्यवहार रखने की हिदायत दी।
इस दौरान रोगी कल्याण समिति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंभराज द्वारा प्रस्तावित कार्य करवाए जाने पर सहमति बनी। इसमें पेय जल व्यवस्था के लिए ट्यूवबैल की व्यवस्था करना, मरीजों और अटेंडरों के लिए खाली पड़ी हुई जगह पर टीन-शेड निर्माण कार्य कराया जाना, भर्ती मरीजो व प्रसूता माताओं व अन्य मरीजो व अटेंडरों के लिए आरओ सिस्टम व वाटर कूलर की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में रोगी कल्याण समिति दुकानदारों की दुकानों का किराया पुनरू निर्धारण करना, मरीजों और अटेंडरों के लिए बैठक व्यवस्था हेतु सीमेन्टेड बेंच रखवाना, पानी निकासी के लिए नाली की व्यवस्था, आकस्मिक ड्यूटी डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ के लिए अस्पताल परिसर में ड्यूटी रूम बनवाने पर सहमति बनी। पूर्व में विधायक निधि से दी गई एम्बूलेंस का संचालन रोगी कल्याण समिति द्वारा किया जाना, स्वास्थ्य केन्द्र कुम्भराज में आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाईट, आवश्यकतानुसार सीसीटीव्ही कैमरे लगवाना, पोस्टमार्टम रूम अस्थाई व टीनशेड में होने के कारण टीनशेड के नजदीक पुराने रिक्त भवन की मरम्मत कार्य कराकर पोस्टमार्टम रूम स्थानांतरित करवाने का निर्णय लिया गया।
इसी तरह स्वास्थ्य केन्द्र कुम्भराज में मेन गेट की चौडाई व ऊचाई कम होने के कारण अस्थाई प्याऊ को हटाकर मेन गेट का चौड़ीकरण व ऊंचाई का कार्य कराया जाना, पीछे वाले हिस्से में रिक्त पड़ी जगह पर न्यायलय में विवाद लम्बित है, विधिवत कार्यवाही के लिए रोगी कल्याण समिति की गाइडलाईन अनुसार वकील अनुबंधित करना है। पूर्व में जर्जर भवनों को तुडवाकर कुपोषित बच्चों के लिए पोषण पुनर्वास केन्द्र व कर्मचारी के लिए आवसीय भवन का निर्माण कार्य, मरीजों के परिजनो के लिए ठहरने एवं शौचालय के लिए उचित माध्यम से हॉल एवं शौचालय का निर्माण कराना, दिव्यांग मरीजो के लिए अलग से दिव्यांग शौचालय का निर्माण कार्य, मरीजों से पूर्व में ली जा रही बाह्य रोगी पर्ची शुल्क 5 रूपये में बढ़ोतरी कर 10 रूपये शुल्क करवाना (इसमें बी.पी.एल मरीज, आयुष्मान कार्य मरीज, राष्ट्रीय प्रोग्राम में भर्ती मरीज को पूर्व अनुसार निःशुल्क किया जाए) को एजेंडा के रूप में रखे गए।