देवास। सोयाबीन की खराब हुई फसल लेकर पालनगर हल्का नंबर 57,11 के किसान शुक्रवार को तहसील कार्यालय पहुंचे। जिसके बाद तहसीलदार सपना शर्मा को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में खराब फसल का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा देने की मांग की। क्षेत्र के पार्षद प्रतिनिधि राम चरण पटेल ने बताया कि हमारे क्षेत्र में 80 प्रतिशत सोयाबीन की फसल खराब हो गई। फसल में फंगस वायरस लग गया। बारिश के कारण फसल बांझ रह गई है।
उसमें फल नहीं आया है। हमने बीमा कंपनी से संपर्क किया तो उन्होंने तहसीलदार को अवगत कराने की बात कही। खराब हुई फसलों के कारण किसानों का काफी नुकसान हुआ है। कृषक चिंतामणि यादव ने बताया कि वार्ड- 44 गांव पालनगर से हम सभी किसान तहसीलदार मैडम को ज्ञापन देने पहुंचे थे।
हमारे क्षेत्र में विगत दो सप्ताह में 80 प्रतिशत सोयाबीन की फसल खराब हो चुकी है। किसानों का काफी नुकसान हुआ है। लागत निकलना भी मुश्किल हो गया। हमारी मांग है कि क्षेत्र में किसानों की फसलों का उचित सर्वे करवाकर किसानों को मुआवजा दिया जाए।