नीमच। नीमच में आज (शुक्रवार) को कलेक्टर कार्यालय पर शहर के समीप स्थित गांव गिरदौड़ा के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित होकर पहुंचे। जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए कलेक्टर के नाम एक शिकायती ज्ञापन दिया। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि गांव गिरदौडा में शासकीय हरि गोपाल गौशाला मौजूद है। गौशाला के साथ गोचर की भूमि है जो गोशाला की ही है। यहां गाय को विचरण करने के लिए यह जमीन है। मगर भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि पर उक्त भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने और अतिक्रमण को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है की गोचर की शासकीय भूमि पर भूखंड काटने की तैयारी की जा रही है। गत दिनों गौशाला के गोचर की जमीन पर की गई तार फेंसिंग को तोड़ दिया गया है। इतना ही नहीं सरपंच प्रतिनिधि के द्वारा ग्रामीणों को डराया धमकाया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ शासन गोचर की भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए आदेश जारी कर रहा है। वहीं दूसरी ओर गांव में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने का प्रयास सरपंच प्रतिनिधि के संरक्षण में हो रहा है। ऐसे में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया जाए। इस मामले में दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। गोशाला की गोचर भूमि को दोबारा गोशाला के लिए सुरक्षित रखा जाए।