विदिशा। भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह ने आज गुरुवार को विदिशा जिले की शमशाबाद और नटेरन तहसील के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर विभागीय कार्यों के साथ-साथ योजनाओं व अभियानों का औचक निरीक्षण किया है।
भोपाल संभाग आयुक्त सिंह ने सर्वप्रथम शमशाबाद तहसील के ग्राम नहरयाई पहुंचकर समूह सिंचाई परियोजना (संजय सागर) के संबंध में जानकारी ली। इसके उपरांत उन्होंने निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे और निर्माणाधीन कार्यों का भ्रमण कर जायजा लिया। उन्होंने नटेरन तहसील के शासकीय हाईस्कूल पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लेकर प्राचार्य व शिक्षकों से संवाद कर शैक्षणिक कार्यों के संबंध में पूछताछ की तथा स्कूली विद्यार्थियों से संवाद कर प्रश्न भी पूछे। साथ ही उन्होंने यहां संचालिक आंगनबाड़ी केंद्र का भी अवलोकन कर नन्हे-मुन्हे बच्चों को प्रदाय सुविधाओं के बारे में जाना।
भोपाल संभाग आयुक्त सिंह ने डंगरवाड़ा ग्राम की गौशाला का भ्रमण कर औचक निरीक्षण किया है उन्होंने गौशाला में गौवंश के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी संबंधित विभाग अधिकारियों से प्राप्त की हैं। मौके पर मौजूद पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप संचालक को व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश भी दिए हैं। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने गौशाला में पर्याप्त मात्रा में बिजली, पानी तथा पशुचारा के संबंध में पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित कराए जाने हेतु निर्देशित किया है।
भोपाल संभाग आयुक्त संजीव सिंह ने आज शमशाबाद के ग्राम हड़ा पहुंचकर यहां स्थापित कस्टम हायरिंग सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से
कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों तथा कृषकों को कृषि यंत्रों के संबंध में दी जा रही सुविधाओं के बारे में संबंधित अधिकारियों से पूछताछ भी की। इस दौरान उन्होंने कस्टम हायरिंग सेंटर परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भी सहभागिता निभाई है। भोपाल संभाग आयुक्त संजीव सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने यहां आम का पौधा रोपित कर अधिक से अधिक पौधे लगाने व उन्हें संरक्षित करने का संदेश दिया है।