डिंडोरी। शुक्रवार को डिंडोरी के समानपुर विकासखंड के खुड़िया गांव में संचालित सीएम राइज स्कूल में एक टीचर शराब के नशे में स्कूल पहुंचा। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बीईओ से की। जांच करने बीईओ स्कूल पहुंचे। शराबी टीचर ने लिखकर दिया कि तबीयत खराब होने की वजह से शराब पीना पड़ता है।
रोज शराब पीकर आता है शिक्षक, बच्चों के साथ करता है गाली गलौज
खुड़िया ग्राम पंचायत के पुरुषोत्तम गर्ग, नरेश सिंह, हेतराम, माधव सिंह ,राधेश्याम, मूरत सिंह झलकन ठाकुर ने लिखित शिकायत में बताया कि शिक्षक अरुण बट्टी हर दिन शराब पीकर आते हैं। रजिस्टर में साइन कर चले जाते है। कभी बच्चों को पढ़ाया, तो गाली गलौज करते हैं।
अगर किसी ने शिकायत करने की बात की तो उनसे भी गाली-गलौज करता है। आरोपी शिक्षक आदिवासी एक्ट में फंसाने की धमकी देता है। प्राचार्य ने भी इस शिकायत की पुष्टि की है। बीईओ शशि भूषण बघेल ने जांच प्रतिवेदन जनजातीय कार्य विभाग, सहायक आयुक्त कार्यालय को भेजा है।
शिक्षक बोला- तबियत खराब , इसलिए पीता हूं शराब
एकीकृत प्राथमिक शाला में पदस्थ शराबी शिक्षक अरुण बट्टी ने अधिकारियों को सामने दिए बयान में कहा कि मेरी तबीयत ठीक नहीं रहती, इसलिए मैं सुबह शाम एक कप शराब पीता हूं।