खरगोन। बारिश के मौसम में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में बहाव के बीच, नदी, नाले, रपट पार नही करने की चेतावनी को नजर अंदाज करना एक किशोर को महंगा पढ़ गया है। मामला शहर के कुंदा नदी पर बनी रपट का है, जहा बाइक को बचाने के फेर में एक बालक बह गया तो दूसरे ने कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शी गोपाल माहेश्वरी ने बताया वह मेनगांव निवासी होकर गांव के ही श्रीकृष्ण वर्मा के साथ खरगोन की एक जूता चप्पल दुकान पर काम करते है। शुक्रवार को दुकान से छुट्टी होने पर 7 बजकर, 20 मीनट को घर के लिये निकले थे। रपट पार करते समय आधी बीच मे पहुंचने पर बहाव अधिक लगा तो मैने श्रीकृष्ण को आगे जाने से रोका, सन्तुलन बिगड़ने पर में उतर गया इसके बाद बाइक बहने लगी जिसे पकड़ने के फेर में श्रीकृष्ण बाइक सहित बह गया।
हादसे की सूचना के बाद पुलिस सहित परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने रात में ही एसडीआरएफ टीम की मदद से बालक की तलाश शुरू की है। वही रहवासी इलाका होने से बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।