मुरैना। प्रदेश सरकार द्वारा महिला एवं बाल विकास के माध्यम से पोषण आहार संचालित किया जा रहा है यह बात जिला स्तरीय पोषण माह के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने सभागार में कहीं। महिला बाल विकास द्वारा पोषण से संबंधित कार्यशाला एवं पोषण प्रदर्शनी लगाई गई है। यह अपने आप में अनुकरणीय पहल है। व्यक्ति को यदि स्वस्थ्य रहना है तो पौष्टिक आहार का सेवन अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 30 एवं 40 वर्ष पहले के व्यक्ति जिस क्षमता के साथ श्रम करते थे उतनी क्षमता के साथ आज के नौजवान श्रम नहीं कर सकते। हमें पोषण माह से पौष्टिक आहार का ज्ञान वर्धन करना चाहिए। हम कम लागत में पूर्ण पौष्टिक आहार ले सकें तभी अधिक उम्र तक स्वस्थ्य जीवन जी सकेंगे। इसी के चलते इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। हमें शुद्ध जल, शुद्ध फल एवं शुद्ध भोजन ग्रहण करना चाहिए।
डॉ. इच्छित गढ़पाले ने सहजन के प्रयोग के लाभ सभी उपस्थित महिलाओं को बताए। सहजना के पेड़ से प्राप्त होने वाली पत्ती, फूल एवं सहजना की फली मनुष्य के लिए गुणकारी है। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला का संदेश जन-जन तक पहुंचे तभी इस पोषण माह की सार्थकता सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला जिला, विकास खंड स्तर पर भी कराई जा रही है, ताकि अंतिम लोगों तक पोषण का संदेश पहुंच सके।