नीमच। जिलेभर में आज गणेश चतुर्थी का पर्व उत्साह व उमंग के साथ मनाया जा रहा है। गणपति बप्पा के आगमन को लेकर भक्तों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। शहर के प्रमुख टैगोर मार्ग पर सजी मूर्तियों की दुकानों पर भी भक्तों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। भक्त विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की मूर्तियों को खरीदने के लिए इन दुकानों तक पहुंच रहे हैं।
मूर्ति विक्रेता दिलीप बदलानी ने बताया कि इस बार बाजार में भगवान श्री गणेश की आकर्षक मूर्तियां आई है। पिछले 15 दिनों से ही दुकानें सज गई थी। आज मूर्तियों की खरीददारी के लिए सुबह से ही भक्त पहुंच रहे हैं। इंदौर, सूरत, आगरा सहित अन्य बड़े शहरों से नीमच पहुंची बड़ी व आकर्षक मूर्तियों की डिमांड अच्छी है। छोटी मूर्तियों की खरीददारी भी भक्तों द्वारा की जा रही है। आज बाजार का माहौल दीपावली जैसा लग रहा है।