भोपाल। शिक्षक दिवस से भोपाल में प्रदर्शन कर रहे वेटिंग शिक्षकों ने शिक्षक वर्ग-एक के पद बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्ग-एक के 34789 पद खाली हैं। यदि इन पर वेटिंग शिक्षकों की भर्ती कर ली जाए तो शिक्षा की स्थिति भी सुधर जाएगी और बेरोजगार युवाओं का जीवन भी सुधर जाएगा। ये शिक्षक पिछले एक साल से पदवृद्धि की मांग कर रहे हैं। इन्होंने नीलम पार्क में बेरोजगार शिक्षक दिवस भी मनाया। इस दौरान शिक्षकों की पुलिस से झड़प भी हुई।
वेटिंग शिक्षकों की मांग को लेकर उनके प्रतिनिधि मनोज दंडोतिया को मुख्यमंत्री निवास ले जाया गया। दंडोतिया ने बताया कि वहां मुख्यमंत्री के ओएसडी एसके तिवारी ने मांग के संबंध में चर्चा की और जल्द निराकरण करने का आश्वासन भी दिया। दंडोतिया ने चेतावनी दी कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र तक मांग नहीं मानी गई, तो विधानसभा का घेराव करेंगे। चयनित शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 1 दिसम्बर 2022 के अनुसार शिक्षक वर्ग-1 के 34789 रिक्त पद हैं। इन्हीं पदों पर भर्ती करने का अनुरोध है। दरअसल, उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती में 16 अलग-अलग विषयों के लिए 8720 पद रखे गए हैं। इनमें से नए पद केवल 5052 ही हैं।
वर्ग-1 के रोस्टर में लगभग 45 प्रतिशत बैकलॉग के पद हैं और नए पद कम होने के कारण कैटेगरी अनुसार लगभग 6 से 8 पद आ रहे हैं जिससे उत्तम अंक लाने पर भी अभ्यर्थियों का चयन नहीं हो पा रहा है। वर्ग-1 शिक्षक भर्ती 2018 में 22000 पद थे, लेकिन 5 साल बाद आयोजित वर्ग-1 शिक्षक चयन परीक्षा 2023 में नए पद केवल 5052 हैं। ये अभ्यर्थी वर्ष 2023 की परीक्षा में शामिल हुए थे।