भोपाल। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को नपुंसक बताते हुए कहा है कि वीडी शर्मा मुझे आतंकियों का हिमायती मानते हैं तो उनकी नपुंसकता पर मुझे निराशा होती है। ट्रिपल इंजन सरकार में होकर भी कार्रवाई नहीं करते। उन्होंने कहा कि देश में जो गवर्नेंस आफ नरेंद्र मोदी चल रहा है उसमें तुम भी खाओ, हमको भी खिलाओ वाली नीति लागू है।
राजधानी के पद्मनाभ नगर मेें छतरपुर में मुसलमान परिवारों के साथ हुई ज्यादती की घटनाओं की रिपोर्ट इंडिया गठबंधन के सदस्यों ने मीडिया को बताई। इस दौरान पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि छतरपुर की घटना में प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई की है। पूरे देश में सुनियोजित ढंग से भाजपा और उनके संगठनों ने कार्रवाई की है। जैसे हिटलर ने यहूदियों को टारगेट बनाया, उसी तर्ज पर आरएसएस ने मुसलमानों को टारगेट किया है और उन्हें एंटी नेशनल बताने का काम किया जा रहा है। सिंह ने कहा कि अंग्रेजों ने जैसे हिन्दू मुस्लिम को अलग किया उसी से सीख लेकर आरएसएस-भाजपा काम कर रही है।
इंदौर हाईकोर्ट में लगाई याचिका, तीन साल से सरकार का जवाब नहीं
पूर्व सीएम दिग्विजय ने कहा कि इन सब बातों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने गाइडलाइंस रेखांकित की थी। इन गाइडलाइंस को लेकर मैंने 2021 में इंदौर हाईकोर्ट में याचिका लगाई है कि एमपी सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन करें लेकिन 3 साल से अब तक इसका जवाब मध्यप्रदेश शासन नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हमारे वरिष्ठ एडवोकेट से चर्चा करूंगा और वर्तमान में जो निर्देश जारी किए गए हैं, उस याचिका में इंटरविनर बनूंगा। सिंह ने कहा कि देश में संविधान की शपथ ली जाती है, पीएम नरेंद्र मोदी मस्तक पर लगाते हैं। सभी सीएम, पीएम, अधिकारियों को संविधान का पालन करना ही पड़ता है और नहीं करते हैं तो अपराध की श्रेणी में आते हैं।
100 रुपए में 40 रुपए बंट रही है रिश्वत
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भिंड में मुसलमानों का घर गिराने के मामले में भी न्यायलय जाएंगे, मैं खुद मुकदमा लडूंगा। उन्होंने कलेक्टर भिंड संजीव श्रीवास्तव को घेरते हुए कहा कि इतनी बेशर्मी से किसी भी राज्य के अधिकारी कर्मचारी को नियमों का उलंघन करते नहीं देखा, जितना इन 20 साल में देखा है। नियम कानून को ताक पर रखो, जो करना है करो, तुम भी खाओ, हमें भी दो, जिसे ठेका देना है दो। गुजरात के ठेकेदार एमपी आ रहे हैं। यह भाजपा और मोदी का मॉडल ऑफ गवर्नेंस है। उन्होंने कहा कि 100 में से 40 रुपये रिश्वत, नेता ,दलालों, अधिकारियों में बंट रहा है। सिंह ने यह भी कहा कि किसी के साथ धर्म के आधार पर व्यवहार करना अपराध है। दिग्विजय ने जातिगत जनगणना आवश्यक बताते हुए कहा कि इसमें किसी को आपत्ति नहीं होना चाहिए।
राजा पटेरिया ने कहा, मॉब लिंचिंग के रूप में हो सकता है एनकाउंटर
पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने इस दौरान कहा कि छतरपुर में जिस तरह से प्रशासन ने कार्रवाई की है वह एकतरफा है। मुसलमानों को टारगेट कर परेशान किया जा रहा है और यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि जैसे रखना चाहते हैं वैसे रहना होगा। छतरपुर में जो माहौल इस घटना के बाद बना है, उसका जिक्र करते हुए राजा पटेरिया ने कहा कि कभी भी मॉब लिंचिंग के रूप में मेरा, दिग्विजय सिंह और अन्य का एनकाउंटर किया जा सकता है। इसके पहले सीपीआईएम के जसविंदर सिंह ने छतरपुर घटना की जांच की पूरी जानकारी दी।