सतना। भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज चित्रकूट आएंगे। वे सतना जिले के चित्रकूट में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद यूपी के चित्रकूट स्थित जगदगुरु रामभद्राचार्य राज्य दिव्यांग विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय गोष्ठी का उद्घाटन करेंगे। मध्य प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी मिनिस्टर इन वेटिंग के रूप में उप राष्ट्रपति की अगवानी करेंगी।
जानकारी के मुताबिक,उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को दोपहर सवा 3 बजे हेलिकॉप्टर से एमपी के सतना जिले के चित्रकूट स्थित आरोग्यधाम हेलीपैड पहुंचेंगे। वे यहां से गौशाला जाएंगे और गौ सेवा करेंगे।
उप राष्ट्रपति सियाराम कुटीर जाएंगे और वहां भारत रत्न पूर्व सांसद स्व नानाजी देशमुख की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे यूपी के चित्रकूट स्थित रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय में ऋषि पंचमी के अवसर पर ऋषि परम्परा एवं आधुनिक जीवन विषय पर आयोजित गोष्ठी में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति यहां 3ः40 बजे पहुंचेंगे और 3रू45 बजे गोष्ठी का उद्घाटन करेंगे।
गोष्ठी के बाद उपराष्ट्रपति का 4ः30 से 4ः55 तक विश्वविद्यालय परिसर में भोजन का कार्यक्रम है, जिसमें वे जगदगुरु रामभद्राचार्य के साथ विशेष कक्ष में रहेंगे। 5ः15 बजे उपराष्ट्रपति दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एमपी के सतना और यूपी के चित्रकूट जिला प्रशासन, विश्वविद्यालय और स्थानीय अधिकारियों ने व्यापक बंदोबस्त किए हैं।
चित्रकूट नो फ्लाई जोन
उपराष्ट्रपति के चित्रकूट आगमन के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे चित्रकूट क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। ड्रोन की उड़ान पर भी पाबंदी लगा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सतना के अलावा प्रदेश के अन्य 11 जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है।
सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा एवं एसपी आशुतोष गुप्ता सभी इंतजामों की खुद निगरानी कर रहे हैं। संभागायुक्त बीएस जामोद और डीआईजी साकेत पांडेय भी हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आपातकालीन व्यवस्था के लिहाज से सतना जिला अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर तथा आईसीसीयू के दो बेड रिजर्व रखे गए हैं।