भोपाल। सामान्य से 16 प्रतिशत यानी, 43.6 इंच बारिश हो चुकी है। आज सुबह से ही हल्की बारिश हो रही है। इससे गणेश चतुर्थी का उत्साह दोगुनी हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। 11 सितंबर से तेज बारिश हो सकती है।
कैचमेंट एरिया में बारिश थमने के बाद भदभदा डैम के गेट बंद कर दिए गए हैं। कलियासोत और केरवा डैम के गेट भी बंद है। हालांकि, तेज पानी गिरते ही डैम के गेट फिर से खुल जाएंगे।
सुबह धूप खिली, फिर बारिश का दौर शुरू
शहर में सुबह कुछ देर के लिए धूप खिली, लेकिन फिर हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया। हल्की बौंछारों के बीच भक्त प्रथम पूज्य श्री गणेश की प्रतिमा लेकर जा रहे हैं। इससे भक्ति में उत्साह भी दोगुना हो गया है।
सीजन की 116 प्रतिशत बारिश हुई
भोपाल में अब तक करीब 43.6 इंच बारिश हो चुकी है, जो सीजन की 116 प्रतिशत है। जिले की सामान्य बारिश 37.6 इंच है। जुलाई और अगस्त में कोटे से ज्यादा बरसने से सीजन का कोटा फुल हो गया। सितंबर में जो पानी बरस रहा है, वह बोनस के रूप में है। यानी, 16 प्रतिशत पानी बोनस के रूप में गिर चुका है।
सितंबर में अच्छी बारिश का ट्रेंड
सितंबर में अच्छी बारिश होती है। 65 साल पहले वर्ष 1961 में पूरे महीने 30.2 इंच बारिश होने का रिकॉर्ड है। अबकी बार भी सितंबर की शुरुआत तेज बारिश से हुई है। सितंबर में करीब 7 इंच पानी गिरने का ट्रेंड है। इस बार अब तक साढ़े 3 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है।