टीकमगढ़। जिले में लस्टीनेस जनहित क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी के हितग्राही अपनी जमा रकम को वापस पाने के लिए भटक रहे हैं। शनिवार शाम करीब 5 बजे दो दर्जन से ज्यादा लोग समस्या लेकर केंद्रीय मंत्री के सिविल लाइन रोड स्थित बंगले पर पहुंचे। उन्होंने डॉ. वीरेंद्र कुमार को अपनी समस्या बताकर हितग्राहियों का पैसा वापस दिलाए जाने की मांग की।
समाजसेवी जितेन्द्र सिंह चंदेल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के निवास पर पहुंचकर हितग्राहियों ने ज्ञापन सौंपा है। पत्र के माध्यम से बताया गया है कि चिटफंड सोसायटी ने 50 से 60 करोड़ रुपए का गबन किया है। हजारों लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई जमा की थी।
लोगों ने केंद्रीय मंत्री से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक बात पहुंचाने की मांग की। साथ ही कहा कि हम सभी जमाकर्ताओं का पैसा जल्द से जल्द वापस दिलाया जाए। हितग्राहियों ने बताया कि सोसायटी का टीकमगढ़ स्थित ऑफिस बंद रहता है और कर्मचारी भी गायब हैं। जिससे हम सभी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
पैसा वापस दिलाने की मांग की
लोगों ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि लस्टीनेस चिटफंड कंपनी से पैसा वापस दिलाया जाए। साथ ही लोगों से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों ने धोखाधड़ी करने वाली फर्जी सोसाइटियों पर सरकार की ओर से प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की।
ये लोग रहे मौजूद
राहुल राजपूत, सुषमा साहू, नीरज पस्तोर, दिनेश कारपेंटर, सलमान खान, मयंक सेन, आशीष जैन, प्रदीप गुप्ता, मनोज साहू, रामकुमार दीक्षित, जितेंद्र कुशवाहा, मुबीन खान, अंकुर जैन, अंशुल जैन, राहुल रैकवार, जितेंद्र सिंह सहित लोग मौजूद रहे।