नीमच। जिला कलेक्टर परिसर में दिनांक 03 सितम्बर 2024 मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जावद तहसील के गांव कांकरिया तलाई निवासी मुकेश प्रजापति ने 22 बिंदुओं को लेकर एक शिकायती आवेदन दिया था। आवेदक मुकेश प्रजापति शिकायत पत्रों की लंबी पूंछ बनाकर और रेंगते हुए जनसुनवाई में पहुंचे थे। ये घटना राष्ट्रीय मुद्दा तक बन गई थी। नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने त्वरित कार्यवाई करते हुए तीन सदस्यीय दल बनाकर तीन दिनों में समस्याओं का निराकरण करने के दिए निर्देश दिए थे। जांच समिति ने आज शनिवार को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की जिसके बाद कलेक्टर चंद्रा ने आज कलेक्ट्रेट में प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी।
कलेक्टर चंद्रा ने प्रेस वार्ता में बताया कि तीन सदस्यीय जांच दल द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार आवेदक मुकेश प्रजापति की 22 शिकायतों में से 21 शिकायत निराधार पाई गई हैं। केवल एक शिकायत जो अवैध अतिक्रमण को लेकर थी वो सही पाई गई हैं। गठित दल ने मौके से अवैध अतिक्रमण भी हटा दिया हैं।
कलेक्टर चंद्रा ने बताया कि आवेदक मुकेश प्रजापति द्वारा पंचायत कांकरिया तलाई में जो भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे वो सभी गलत निकले। मौके पर जांच दल ने निर्माण कार्य देखे जो वास्तविकता में सही पाए गए। साथ ही पीएचई विभाग द्वारा किए गए कार्य भी सही निकले। आवेदक मुकेश प्रजापति की सिर्फ एक शिकायत सही पाई गई। पूर्व सरपंच द्वारा शासकीय जमीन पर जो अवैध अतिक्रमण कर रखा था उसे जांच दल द्वारा हटाया गया और शासकीय जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।