सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 सितंबर को सागर के बीना आ रहे हैं। वे कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे। सोमवार दोपहर 1.10 बजे बीना पहुंचेंगे।
सीएम के दौरे को लेकर कलेक्टर संदीप जीआर ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होना चाहिए। जिसे जो निर्देश मिले हैं उनका अक्षरशः पालन करते हुए पूरे करें। किसी को भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में असुविधा नहीं हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने बीना में हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, पार्किंग स्थल पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं करने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बारिश को देखते हुए आवश्यक प्रबंध किया जाए और बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था रखी जाए।
कलेक्टर संदीप जीआर ने कहा कि कार्यक्रम स्थल, पार्किंग और हेलीपैड पर सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही हैं। जिसमें एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शौचालय, पानी के टैंकर पूरे समय मौजूद रहें। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक आवश्यक बैरिकेटिंग की जाए और जगह-जगह कार्यक्रम स्थल तक पहुंच के लिए फ्लैक्स लगाए जाएंगे। जिससे कार्यक्रम में शामिल होने वाले व्यक्तियों को असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यक्रम स्थल के पास दोनों तरफ चलित शौचालय, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड तैनात रहें। कार्यक्रम स्थल तक कम से कम पैदल चलना पडे़ इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसी प्रकार कार्यक्रम स्थल के आसपास ही पार्किंग स्थल बनाएं और पार्किंग स्थल पर सभी व्यवस्थाएं भी की जाएं। हेलीपैड पर भी आवश्यक बैरिकेटिंग की जाएगी। जनप्रतिनिधियों से भेंट करने के लिए भी व्यवस्थाएं की जाएं।
कैमरों से होगी कार्यक्रम की निगरानी
पुलिस अधीक्षक विकास सहवाल ने निर्देश दिए कि सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। कार्यक्रम स्थल पार्किंग स्थल पर वीडियोग्राफी भी कराएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पुलिस व्यवस्था में सहयोग करते हुए सभी स्थल पर उपस्थित होने वाले व्यक्तियों और हितग्राहियों को उनके बैठने की जगह तक समय के पूर्व ले जाएं। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग स्थल पर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी की जाएगी।